नौतनवा। भारत-नेपाल सीमा पर नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। बैरिहवा पुल के पास कार सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई तो वाहन से 2283 एम्पुल नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे एवं सहायक सेनानायक सामान्य समरजीत सिंह के नेतृत्व में जवानों की संयुक्त टीम भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों के रोकथाम के दृष्टिगत अभियान चलाकर जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान एक कार नेपाल की ओर जाती हुई नजर आई। जिसे बैरिहवा पुल के पास रोककर तलाशी ली गई तो उसमें रखे अलग-अलग ब्रांड के कुल 2283 एंपुल नशीली इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में कार सवार व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को वाहन और इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि बरामदगी के बाद कार को सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. जिलानी उर्फ जाकिर निवासी बहादुरशाह नगर और सुग्रीव निवासी ग्राम गजरहा, थाना नौतनवा के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ NDPS अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई कस्बा चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे और सहायक सेनानायक सामान्य समरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने की।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।