गोरखपुर। PUBG गेम में पैसे हारने और कर्ज बढ़ने के बाद 11वीं के एक छात्र ने पिता से रुपये ऐंठने के लिए खुद के अपहरण की ऐसी झूठी कहानी रची कि पूरा परिवार दहशत में आ गया। युवक ने पिता के व्हाट्सऐप पर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी और AI की मदद से आंख पर गंभीर चोट दिखाती फर्जी तस्वीर भी भेज दी। तस्वीर देखकर पिता घबरा गए और पुलिस में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से करीब सवा दो घंटे में युवक को उरुवा से बरामद कर लिया। वहां वह अपने दोस्त के घर पर छिपा था।
पुलिस के अनुसार, संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र निवासी किशोर के पिता व्यापारी हैं। किशोर को PUBG गेम खेलने की लत थी। गेम में रुपये हारने के बाद उस पर कर्ज बढ़ गया था। पॉकेट मनी भी खत्म हो चुकी थी और दोस्तों से भी उधार ले चुका था। कर्ज चुकाने के लिए उसने पिता से एक लाख रुपये लेने की योजना बनाई और खुद के अपहरण की साजिश रच डाली।
इस साजिश के तहत किशोर ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और पब्लिक वाईफाई का इस्तेमाल करते हुए पिता के व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा। इसमें एक लाख रुपये देने की मांग की गई। इसके बाद एआई की मदद से पिता को आंख फूटा होने जैसी फोटो तैयार कर भेजा। फोटो देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। उसने धमकी दी कि रुपये नहीं मिले तो उसकी हालत और खराब कर दी जाएगी। पिता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपहरण का केस दर्ज कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिकरीगंज पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर सर्विलांस की मदद से युवक की तलाश शुरू की। मोबाइल बंद होने के बावजूद उसके पब्लिक वाईफाई इस्तेमाल करने से पुलिस को अहम सुराग मिल गया। पुलिस टीम ने करीब सवा दो घंटे में किशोर की लोकेशन ट्रेस कर उरुवा स्थित उसके दोस्त के घर से बरामद कर लिया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि पबजी गेम में रुपये हारने के बाद कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपहरण की झूठी कहानी रची थी।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसे खुद AI से फोटो तैयार करना नहीं आता था। इसके बाद उसने दिल्ली में रहने वाली अपनी एक महिला मित्र से संपर्क किया और उसे अपनी फोटो भेजी। महिला मित्र की मदद से AI जनरेटेड तस्वीर तैयार कराई गई, जिसे बाद में पिता को भेजकर फिरौती मांगी गई।
पुलिस के मुताबिक, किशोर ने PUBG गेम में हुए नुकसान और कर्ज चुकाने के लिए पिता से पैसे लेने के उद्देश्य से अपहरण की झूठी कहानी रची थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटे में पूरा मामला सामने आ गया।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।