महराजगंज। जिला संयुक्त चिकित्सालय में तैयार 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक को संचालित करने की कवायद अब तेज हो गई है। यूनिट के संचालन के लिए जरूरी मेडिकल गैस पाइपलाइन और एयर हैंडलिंग यूनिट की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए 3.05 करोड़ रुपये के बजट की मांग की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दो अगस्त को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र भेजकर क्रिटिकल केयर ब्लॉक में आवश्यक सुविधाएं स्थापित कराने का अनुरोध किया है। पत्र में जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्वीकृत 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक में मेडिकल गैस पाइप लाइन और एयर हैंडलिंग यूनिट की स्थापना का मुद्दा उठाया है। पत्र में बताया गया है कि इन सुविधाओं की स्थापना के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से 3.05 करोड़ रुपये का आगणन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बजट स्वीकृत करके आवंटित करने की मांग की है।
क्रिटिकल केयर यूनिट में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत होगी। गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान ऑक्सीजन और अन्य मेडिकल गैस की लगातार आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में पाइप लाइन सिस्टम स्थापित होने के बाद बेड तक मेडिकल गैस की आपूर्ति व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी। वहीं एयर हैंडलिंग यूनिट के माध्यम से क्रिटिकल केयर ब्लॉक में आवश्यक वातावरण और वायु गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट के संचालन को लेकर शासन को पत्र लिखा गया है। मेडिकल गैस पाइप लाइन लगने के बाद यूनिट को संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा विकसित होगी।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर रेफर करने की जरूरत कम होने की उम्मीद है। अब स्वास्थ्य विभाग को शासन से बजट स्वीकृति और आवश्यक सुविधाओं की स्थापना का इंतजार है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।