शिकारपुर। घुघली थाना क्षेत्र के बरवां खुर्द में चोरों ने एक खाली मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि परिवार को चोरी की जानकारी तत्काल नहीं हो सकी। अगले दिन दोपहर बाद जब शिक्षक घर के बंद कमरों को खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
बरवां खुर्द ग्राम पंचायत के रहने वाले विवेक पांडेय पुरैना खंडी स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। गुरुवार को उनके घर के लोग किसी रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के कारण जिला अस्पताल में थे। सुबह अस्पताल से लौटने पर स्नान इत्यादि से निवृत होकर विवेक स्कूल पढ़ाने चले गए और अन्य सदस्य दोबारा रिश्तेदार का हाल जानने के लिए जिला अस्पताल चले गए।
स्कूल से लौटकर विवेक पांडेय ने घर के अन्य कमरे जो रात में नहीं खोल सके थे, उन्हें खोला तो सामान बिखरा मिला और आलमारी व बॉक्स इत्यादि का लॉक टूटा मिला। घर के अन्य सदस्यों के पहुंचने पर घर के सामग्रियों का मिलान कराया गया तो लगभग आठ लाख के जेवर गायब थे। परिवार ने घुघली पुलिस को सूचना दी। मौके पर घुघली पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
घुघली थाना निरीक्षक सूरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। फिलहाल मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।