महराजगंज। लंबे समय से जर्जर सड़कों और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे नगरवासियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पालिका परिषद ने मंगलपुर और पंत नगर वार्ड में करीब 80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण की तैयारी पूरी कर ली है। दोनों कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
नगर पालिका के मुताबिक मंगलपुर वार्ड नंबर 23 में जाकिर के घर से फेंकू यादव के घर होते हुए बुधई के घर तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाना है। इस कार्य पर करीब 30.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं पंत नगर वार्ड नंबर पांच में बद्री मद्धेशिया के मकान से प्रफुल्ल चंद सागर के मकान तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य की लागत करीब 38.30 लाख रुपये है।
इन दोनों मार्गों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से खराब सड़क और जलनिकासी की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण के साथ नाली बनने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या भी कम होने की संभावना है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत दोनों वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क और नाली निर्माण की योजनाओं पर काम चल रहा है। मंगलपुर और पंत नगर के इन दो मार्गों का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को जर्जर सड़क और जलभराव से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।