परतावल। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करने के बाद महिला संगठन की पदाधिकारी को कथित तौर पर अभद्र और अश्लील टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
धरमौली गांव की महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह राष्ट्रीय नारी शक्ति महिला संगठन की राष्ट्रीय सचिव है। उन्होंने अपने मायके सिंदुरिया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में एक व्यक्ति को पोखरी में डुबोकर मारने का आरोप लगाते हुए घटना का वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद रतनपुर निवासी आदर्श श्रीवास्तव ने 10 अगस्त की रात अपने फेसबुक अकाउंट से उनके खिलाफ अभद्र और अश्लील टिप्पणी की। महिला ने दावा किया कि इस टिप्पणी से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और मानहानि हुई।
तहरीर के अनुसार, आदर्श के पिता संजय श्रीवास्तव ने भी महिला के मोबाइल पर कई बार फोन कर धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने वीडियो फेसबुक से हटाने और पुलिस को सूचना नहीं देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी और कथित धमकी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।