भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र में वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। अहिरौली गांव में एक युवक ने प्रधान प्रतिनिधि और उसके बेटे पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अरविंद कनौजिया पुत्र जयराम कनौजिया निवासी ग्राम अहिरौली, थाना भिटौली ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 7 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह गांव के ही मंजेश कनौजिया के साथ घर का सामान लेने अहिरौली चौराहा जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही प्रधान प्रतिनिधि रुदल और उसके लड़के विवेक ने उन्हें रोक लिया।
तहरीर के मुताबिक आरोपियों ने कहा तुम बहुत वीडियो बनाते हो तुमको मार-मार कर सही कर देंगे। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए तब किसी तरह दोनों वहां से भागे। अरविंद ने पुलिस को बताया कि रुदल और उसका लड़का ग्राम प्रधान के काम-काज को लेकर पहले से भी उनसे रंजिश रखते हैं। डर के कारण वह तुरंत सूचना नहीं दे पाए थे।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।