महराजगंज। भारतीय डाक ने पार्सल और स्पीड पोस्ट की दरों में बढ़ोतरी कर दी है, जिसका सीधा असर आम ग्राहकों और छोटे कारोबारियों की जेब पर पड़ेगा। नई दरें एक अगस्त से लागू हो गई हैं। महराजगंज से रोजाना सैकड़ों पार्सल भेजे जाते हैं, ऐसे में बढ़ी दरों से लोगों का खर्च बढ़ना तय है।
जानकारी के अनुसार, जिले के प्रधान डाकघर से औसतन प्रतिदिन 350 पार्सल विभिन्न शहरों के लिए बुक किए जाते हैं। रेट बढ़ोतरी से आम ग्राहकों और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ेगी। डाक विभाग की नई दरों के मुताबिक लखनऊ तक 500 ग्राम का पार्सल के इंडिया पोस्ट के माध्यम से भेजने पर 38 की जगह अब 64 रुपये लिए जा रहे हैं। इसके बाद जीएसटी चार्ज भी जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा दूरी और क्षेत्र के हिसाब से शुल्क अलग-अलग निर्धारित हुआ है। प्रधान डाकघर के सूत्रों के मुताबिक प्रदेश के भीतर (लखनऊ से अधिक दूरी पर) पार्सल भेजने पर 77 रुपये, मेट्रो शहर भेजने के लिए 82 रुपये और दूसरे राज्यों में भेजने के लिए 84 रुपये का चार्ज पड़ रहा है। इसके अलावा वजन के सापेक्ष मूल्य बढ़ता जाएगा। जनपद में पार्सल से भेजे जाने वाले सामग्री की बात करें तो सबसे अधिक संख्या में दस्तावेज फाइल इधर से उधर भेजे जाते हैं।
डाक विभाग ने सिर्फ पोस्ट पार्सल ही नहीं सामान्य स्पीड पोस्ट भेजना भी महंगा किया है। आगामी दिनों में राखी का त्योहार है। बहने अपने भाइयों के लिए डाक विभाग से राखी भेजना सुरक्षित समझती हैं। इस बार सामान्य स्पीड पोस्ट के चार्ज बढ़ने से उन्हें अतिरिक्त शुल्क भुगतान करना पड़ रहा है।
रक्षाबंधन से पहले स्पीड पोस्ट की बढ़ी दरों का असर बहनों पर भी पड़ेगा। पहले 20 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट के लिए 42 रुपये शुल्क लगता था, जिसे बढ़ाकर अब 56 रुपये कर दिया गया है। यानी राखी या छोटा सामान भेजने पर 14 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
वजन और दूरी बढ़ने के साथ स्पीड पोस्ट की अन्य श्रेणियों में भी करीब 10 से 15 रुपये तक की वृद्धि हुई है। इससे दस्तावेज और छोटे सामान डाक से भेजने वाले लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।