Maharajganj News : मरा मेंढक मिलने के बाद नवोदय में हड़कंप, अब खाद्य सुरक्षा टीम ने खोली किचेन की परतें

    18-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय धनेवा-धनेई में भोजन की थाली में मरा मेंढक मिलने के मामले के बाद विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम विद्यालय पहुंची और किचेन व स्टोर का निरीक्षण किया। टीम ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव की जांच की।

प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय केके उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सदर हंसराज प्रसाद ने किचेन में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। स्टोर में रखे पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल की भी जांच की गई। चावल-दाल व सब्जी के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान दोपहर के भोजन के लिए तैयार पके हुए चावल, दाल और सब्जी के निगरानी नमूने टीम ने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। टीम ने कुकिंग स्टाफ को भोजन तैयार करने, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और स्वच्छता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।


इसके अलावा अधिकारियों ने विद्यालय की कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों को भी खाद्य सुरक्षा और सुरक्षित भोजन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बच्चों को साफ-सफाई का ध्यान रखने तथा भोजन से पहले हाथ धोने समेत अन्य जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। प्रभारी सहायक आयुक्त केके उपाध्याय ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जवाहर नवोदय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2020 में छात्रों को कथित तौर पर बासी भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद वर्ष 2024 में दाल और चावल में कंकड़ मिलने की शिकायत भी सामने आई थी। अब थाली में मरा मेंढक मिलने के मामले ने विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।