महराजगंज। यूपी बोर्ड की ओर से स्कूलों के 500 मीटर के दायरे में पान मसाला, तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट की बिक्री पर रोक के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी सभी प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर नियम का पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
इसके बावजूद जिला मुख्यालय में ही कई स्कूलों के आसपास ही इन प्रतिबंधित उत्पादों की दुकानें संचालित हो रही हैं।
बता दें कि डीआईओएस ने पत्र जारी कर सभी प्रधानाचार्यों को सुनिश्चित करने को कहा है कि उनके स्कूल के 500 मीटर के दायरे में तंबाकू, पानमसाला, बीड़ी, सिगरेट की दुकानें नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसा है तो पुलिस प्रशासन को जानकारी देकर दुकानों को हटवाया जाए।
लेकिन आलम यह है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास चाय की दुकान के साथ तंबाकू और पान मसाला की टपरी संचालित होती मिली। इसके कुछ ही कदम आगे गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज है, जहां आसपास पुरानी दुकानों को दोबारा बनाया जा रहा है।
जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज के सामने भी पान मसाला, तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट की दुकान संचालित होती मिली। आसपास के रास्ते पर भी ऐसी कई दुकानें मौजूद हैं।
महराजगंज इंटर कॉलेज के आसपास भी कई दुकानों पर पान मसाला, तंबाकू और सिगरेट की बिक्री होने की बात सामने आई।
दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से इन दुकानों का संचालन कर रहे हैं और इसी से परिवार का खर्च चलता है। उनका तर्क है कि यदि 500 मीटर के नियम को पूरी तरह लागू किया गया तो शहर के बड़े हिस्से से तंबाकू उत्पादों की दुकानें हटानी पड़ेंगी। उन्होंने कोई नयी दुकान नहीं खोली है बल्कि वर्षों से वे इसे संचालित कर रहे हैं और इसी के सहारे उनका घर चल रहा है। उनका कहना है कि स्कूल से आधा किमी का दायरा बड़ा होता है जिसमें आधा बाजार समाप्त हो जाएगा।
डीआईओएस प्रदीप शर्मा ने बताया कि 31 अगस्त 2026 तक सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को शपथपत्र देना होगा कि उनके विद्यालय के 500 मीटर के दायरे में पान मसाला और तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि एक सितंबर से जांच अभियान चलाकर नियमों के अनुपालन की जांच की जाएगी। यदि किसी प्रधानाचार्य का शपथपत्र गलत पाया गया तो उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।