Maharajganj News : अल्ट्रासाउंड सेंटर से निकली युवती फिर घर नहीं पहुंची, पिता के आरोप से मचा हड़कंप

    19-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने कासिम नामक युवक पर शादी का झांसा देकर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक समेत उसके तीन मौसेरे भाइयों और मौसा-मौसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पुत्री जिला संयुक्त चिकित्सालय के सामने स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पिछले करीब तीन महीने से कंप्यूटर सम्बन्धी कार्य कर रही थी। वह प्रतिदिन शाम करीब पांच बजे घर लौट आती थी। आरोप है कि 10 अगस्त को वह शाम तक घर नहीं पहुंची। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।


उन्होंने बताया कि कासिम नामक युवक अपने मौसा-मौसी के घर धनेवा-धनेई के बंजारा टोला में रहता है। आरोप है कि वह कुछ समय से शादी का झांसा देकर अश्लील हरकत करता था। इसकी जानकारी युवती ने अपने पिता को दी थी। इसके बाद परिजन ने कासिम को डांट-फटकार कर चेतावनी दी थी।

पिता ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को कासिम ने अपने तीन मौसेरे भाइयों और मौसा-मौसी की मदद से उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया और करीब साढ़े चार बजे उसे कहीं लेकर फरार हो गया। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर युवती की बरामदगी और विधिक कार्रवाई की मांग की।

सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपी कासिम निवासी धनेवा-धनेई के बंजारा टोला व तीन मौसेरे भाइयों और मौसा-मौसी पता अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।