महराजगंज। सावन के अंतिम रविवार को नेपाल के त्रिवेणी धाम से जल भरकर महराजगंज पहुंचने वाले हजारों कांवड़िया शिवभक्तों की सुविधाओं को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन के सामने मांग रखी है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल ने कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पहले से व्यापक इंतजाम करने की अपील की।
प्रमोद जायसवाल ने कहा कि हजारों की संख्या में कांवड़िया शिवभक्त नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर रुकते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने प्रशासन से कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अधिशासी अभियंता विद्युत अरुण यादव सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा, युवा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रिंस जायसवाल सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।