महराजगंज। संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संजीव गुप्ता ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे आरटीओ ने कार्यालय की व्यवस्थाओं से लेकर अभिलेखों और वाहन जांच की कार्रवाई तक का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद बाहर से सामने आई अधिक शुल्क वसूली की शिकायत ने भी अधिकारियों का ध्यान खींचा।
आरटीओ ने कार्यालय भवन, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि भवन काफी पुराना हो चुका है और इसके जीर्णोद्धार की जरूरत है। एआरटीओ ने बताया कि भवन के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है।
इसके बाद आरटीओ ने विभिन्न फाइलों और अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण में रिकॉर्ड व्यवस्थित पाए गए। उन्होंने सभी अभिलेखों को सुरक्षित और सुरक्षात्मक तरीके से रखने के निर्देश दिए। कर्मचारियों की उपस्थिति भी देखी गई, जो संतोषजनक मिली।
आरटीओ ने वाहन पंजीकरण, बीमा, फिटनेस, वाहन जांच और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित वाहन चेकिंग जारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने खास तौर पर स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत फिटनेस और बीमा सुनिश्चित कराने को कहा। वाहन चेकिंग के दौरान चालकों को यातायात नियमों और उनके उल्लंघन पर निर्धारित दंड की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
आरटीओ ने व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच करने को कहा। उन्होंने ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बिना बीमा या फिटनेस के संचालित वाहनों को सीज करने के लिए भी कहा गया।
निरीक्षण के बाद कुछ लोगों ने कार्यालय के बाहर कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक रकम लेकर काम कराने की शिकायत आरटीओ से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ संजीव गुप्ता ने मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।