महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के दमकी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। भारत गैस एजेंसी के सामने बाइक और डंपर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बाइक महराजगंज से निचलौल की ओर जा रही थी, जबकि सामने से डंपर निचलौल से महराजगंज की ओर आ रहा था। दमकी स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सनी (18), विवेक (18), किशन (18) और शिव (18) निवासी ग्राम पचमा, थाना निचलौल, गंभीर रूप से घायल हो गए।
चारों को तत्काल 108 एंबुलेंस से सीएचसी निचलौल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज मोर्चरी भेज दिया है।
घटना में शामिल डंपर को पुलिस ने मौके से कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के मुताबिक मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।