महराजगंज। गर्मी, उमस और बारिश के बीच मौसमी बीमारियों ने बच्चों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल के संक्रामक रोग वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ने से हालात ऐसे हैं कि एक बेड पर दो-दो मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। मंगलवार को 31 बेड वाले वार्ड में 38 मरीज भर्ती मिले।
अस्पताल में भर्ती बच्चों में तेज बुखार के साथ निमोनिया और डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। बाल रोग विशेषज्ञ के पास रोजाना तेज बुखार, डायरिया और निमोनिया से पीड़ित करीब 30 से 40 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इस समय तेज बुखार के कुल 11 मरीज भर्ती हैं। वहीं डायरिया के आठ मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने बताया बच्चे को पहले तेज बुखार हुआ तो नजदीकी मेडिकल स्टोर से दवा ले आए। लेकिन ठीक नहीं हुआ। जिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया तो हालत गंभीर देखकर उन्होंने भर्ती कर लिया। संक्रामक रोग वार्ड में भर्ती अंशिका को बुखार हुआ तो परिजन दवा दिए लेकिन ठीक नहीं हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने हालत गंभीर देख भर्ती कर लिया। इसी बेड पर दूसरी तरफ अराध्या भी भर्ती है वह भी बुखार से पीड़ित है।
दूसरे बेड पर धनखरी निवासी जितेंद्र ने बताया कि बेटे को बुखार हुआ तो नजदीक में दिखाए लेकिन ठीक नहीं हुआ तो जिला अस्पताल आए। यहां डाक्टर ने भर्ती कर लिया है। यहां तो एक बेड पर दो दो मरीज भर्ती हैं। इसी बेड पर उज्वल निवासी बेलवा काजी का भी इलाज चल रहा था। इनके अलावा तेज बुखार के न्यारा, अनामिका, शैलेंद्र, आरौव भर्ती हैं।
मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल प्रशासन के सामने बेड और उपचार व्यवस्था को लेकर दबाव बढ़ गया है। बारिश और उमस के बीच बच्चों में संक्रमण और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए अभिभावकों से समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।