महराजगंज। जिला अस्पताल के मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। महिला अस्पताल के चतुर्थ तल पर लगभग 1.25 करोड़ रुपये की लागत से एक इंटीग्रेटेड लैब तैयार की जा रही है। यह लैब सितंबर के आखिरी सप्ताह से काम करना शुरू कर देगी, जहां मरीजों को 24 घंटे में 117 प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी।
महिला अस्पताल के चतुर्थ तल के 12 कमरों में यह नया लैब बनाया जा रहा है। इसमें मरीजों को पहले से अधिक जांच की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। अभी जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में लगभग 92 प्रकार की जांच होती हैं, लेकिन इस नए लैब में यह संख्या बढ़कर 117 हो जाएगी।
इस लैब में 25 नए जांच शामिल होंगे जो जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में अभी नहीं हैं। इससे मरीजों को इन जांच के लिए निजी लैब में जाने की जरूरत नहीं होगी। जिला अस्पताल की मौजूदा पैथोलॉजी में प्रतिदिन लगभग 240 से 250 मरीजों की जांच होती है, लेकिन यह लैब 24 घंटे खुला रहेगा।
इस लैब में यूरिन कल्चर, स्टूल कल्चर, ब्लड कल्चर और पीटी-आईएनआर जैसी जांच उपलब्ध होंगी। इसके अलावा थायराइड की जांच के लिए रासायनिक विधि का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही सीरम प्रोटीन इलेक्ट्रोफोरेसिस, आयरन सीरम, मैग्नीशियम और पस की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस लैब का लाभ सिर्फ जिला अस्पताल आने वाले मरीजों तक ही सीमित नहीं रहेगा। जिले के सीएचसी और पीएचसी से विशेष जांच के सैंपल भी इस लैब में भेजे जा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को हर विशेष जांच के लिए जिला अस्पताल आने की जरूरत कम हो सकती है।
लैब को 24 घंटे चलाने के लिए 29 कर्मचारियों की जरूरत होगी, जिनमें एक पैथोलॉजिस्ट, 14 लैब टेक्नीशियन, सात अटेंडेंट, तीन स्वीपर और चार कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। नई मशीनों की खरीद समेत लैब को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। समय पर काम पूरा हुआ तो सितंबर के अंतिम सप्ताह से मरीजों को जांच की यह नई सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।