महराजगंज। लखनऊ जाने वाले यात्रियों और व्यापारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। महराजगंज डिपो से एक सितंबर से लखनऊ के लिए रात्रिकालीन रोडवेज बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। राज्य कार्यालय से मिले निर्देश के बाद डिपो स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
महराजगंज डिपो से लखनऊ, कानपुर और दिल्ली के लिए दिन में अलग-अलग समय पर रोडवेज बसों का संचालन होता है, लेकिन मौजूदा सेवाएं शाम तीन बजे से पहले ही उपलब्ध हैं। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को रात में लखनऊ पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। डिपो से रात्रिकालीन सेवा नौकरीपेशा व व्यापारी कर रहे थे जिससे वह रात में लखनऊ की यात्रा पूरी कर सकें लेकिन रात में संचालन नहीं शुरू हो सका था।
जुलाई में इस समस्या को लेकर रोटरी क्लब सचिव आत्माराम गुप्ता ने राज्य परिवहन निगम को व्यापारियों का हस्ताक्षरित पत्र प्रेषित किया था। डिपो रात्रिकालीन सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। व्यापारी संगठन के संरक्षक पशुपतिनाथ गुप्ता ने कहा कि इस सेवा से व्यापारी सामान इत्यादि लाने के लिए रात में जाकर दिन में लखनऊ व कानपुर से कार्य निपटा कर लौट सकेंगे।
डिपो की ओर से फिलहाल सेवा के संचालन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। एक सितंबर से रात्रिकालीन सेवा शुरू होने के बाद लखनऊ जाने वाले यात्रियों को दिन की सीमित बस सेवाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।