सिसवा बाजार। बिजली बिल के बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली विभाग ने बुधवार को सिसवा कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने बकाया बिल जमा नहीं करने वाले 42 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए, जबकि करीब 3.20 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई।
उपखंड अधिकारी तुषार सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सिसवा टाउन के प्रेम चित्र मंदिर रोड, नौका टोला, सब्जी मंडी और स्टेशन रोड सहित विभिन्न इलाकों में जांच की। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के सबया, कटहरी और गेरमा में भी अभियान चलाकर बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच की गई।
जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया पाया गया और उन्होंने भुगतान नहीं किया था, उनके कनेक्शन तत्काल विच्छेदित कर दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने के प्रति जागरूक करना है।
एसडीओ तुषार सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कनेक्शन कटने के बाद बिना बकाया बिल जमा किए अथवा विभाग की अनुमति के बिना बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ना कानूनन गंभीर मामला होगा। ऐसे मामलों में संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी मामले में विभागीय कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान करें और कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई से बचें। विभाग की ओर से बकायेदार उपभोक्ताओं को चिन्हित करने का कार्य आगे भी जारी रहेगा और अभियान लगातार चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान जमील अहमद, जेएमटी अरविंद पाण्डेय, शिवनाथ, संजय, मुकेश, मीटर सुपरवाइजर आर्यन यादव समेत बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।