Maharajganj News : दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोरी... पुलिस ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

    20-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के बरवा खुर्द गांव में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण, 3,390 रुपये नकद और जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां बरामद की हैं। मामले में एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष घुघली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को सूचना के आधार पर जवाहर लाल इंटर कॉलेज से करीब 300 मीटर आगे नहर रोड के किनारे घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजेश साहनी पुत्र गोपाल साहनी, निवासी बेलवा टिकर, थाना घुघली, उम्र करीब 24 वर्ष तथा युसुफ अली पुत्र वकील, निवासी ग्राम करमहा, थाना कोतवाली, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है।


आरोपियों के कब्जे से चोरी के एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायजेब, आभूषण बेचने के बाद बची ₹3,390 की नकदी और जेवरात की खरीद से संबंधित चार पर्चियां बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी राहुल पाण्डेय उर्फ मयंक पाण्डेय पुत्र रविन्द्र पाण्डेय, निवासी हरखपुरा टोला सोनबरसा, थाना घुघली, फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।