महराजगंज। थाना क्षेत्र के बांसपार नूतन गांव में चोरों ने ग्राम सचिवालय को निशाना बनाते हुए पंचायत सहायक कक्ष का ताला तोड़ दिया। रात के अंधेरे में अंदर घुसे चोर कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत कई जरूरी सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई, जब सचिवालय खोला गया। ताले टूटे देखकर कर्मचारियों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। ग्राम प्रधान शेषमणि गौतम ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और थानाध्यक्ष को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के मुताबिक चोर सचिवालय से इन्वर्टर, डबल बैटरी, यूपीएस, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, फिंगरप्रिंट मशीन, वाई-फाई नेट फाइबर, लैपटॉप और बोर्ड मॉड्यूलर समेत अन्य तकनीकी सामान चोरी कर ले गए।
रात में चोरी के बाद चोर आसानी से मौके से निकल गए। सुबह सचिवालय खुलने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। इसके बाद आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है।
एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।