महराजगंज। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-प्रशासन की जनोन्मुखी कार्यप्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को थाना कोल्हुई परिसर में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने मौजूद रहकर फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं से सीओ ने उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद संबंधित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीओ ने विशेष रूप से भूमि विवाद और आपसी विवाद से जुड़े मामलों में मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा। उन्होंने दोनों पक्षों से समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।