महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 22 वर्षीय चालक के पास व्यावसायिक या परिवहन वाहन चलाने के लिए वैध लाइसेंस नहीं था। इसके बावजूद वह डंपर लेकर हाईवे पर दौड़ रहा था।
पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान रवि और शनि पुत्र रामव्यास, निवासी पंचमा थाना निचलौल, विवेक पुत्र स्व. संतोष, निवासी पंचमा थाना निचलौल तथा रिकेश पुत्र श्रीपत वियार, निवासी गोगहरा थाना जमालपुर, मिर्जापुर के रूप में हुई।
मामले में निचलौल पुलिस ने मु0अ0सं0 228/26 के तहत धारा 281/105/324(4) बीएनएस में कार्रवाई की है। आरोपी चालक राहुल कुशवाहा (22), पुत्र संजय कुशवाहा, निवासी जंगल शाहपुर, पोस्ट सिंघापट्टी, थाना कोतवाली पडरौना, कुशीनगर, अपने पिता के साथ थाने पहुंचा था।
पुलिस ने उसके ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की तो पता चला कि वह कमर्शियल या परिवहन वाहन चलाने के लिए वैध नहीं था। पुलिस का आरोप है कि इसके बावजूद वह डंपर संख्या UP53JT5551 को तेज और लापरवाही से चला रहा था, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी को 22 अगस्त 2026 को दोपहर 12:10 बजे थाना परिसर से गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय, मुख्य आरक्षी रजनीश सिंह, मुख्य आरक्षी विवेक राव और आरक्षी विशाल सिंह शामिल रहे।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।