गोरखपुर। गोरखपुर में वायु गुणवत्ता सुधारने और सड़कों से उड़ने वाली धूल को कम करने के लिए नगर निगम ने बड़े स्तर पर सड़क सुधार की योजना तैयार की है। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत स्वीकृत कार्यों में 37 करोड़ 61 लाख 25 हजार रुपये के कामों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन कार्यों से महानगर के 21 वार्डों में 23 सड़कों की स्थिति सुधारी जाएगी।
गोरखपुर को एनसीएपी के तहत नॉन-अटेनमेंट सिटी के रूप में चिह्नित किया गया है। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 75.02 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे। इसकी पहली किश्त के रूप में 30.35 करोड़ रुपये नगर निगम को 27 मार्च को मिले थे। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 65.48 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुधार और एंड-टू-एंड पेविंग के प्रस्ताव को समिति में मंजूरी मिली।
महेसरा में 25 एकड़ में 48 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन इकोलॉजिकल पार्क में ही 3 एकड़ जमीन पर 30 करोड़ रुपये की लागत से कलाग्राम का निर्माण किया जाएगा। लेकिन मुख्य सड़क से इस परियोजना स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। वार्ड संख्या 13 संझाई में महेसरा ओवरब्रिज के इकोलॉजिक पार्क के गेट तक 8.07 करोड़ रुपये पहुंच मार्ग बनाया जाएगा।
वार्ड संख्या 07 महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-02 के नंदानगर में सैनिक विस्तार सेक्टर ए, बी और डी में बिटुमिन सड़क, साइड पटरी और आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस काम पर 4.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसी वार्ड में पीआरएस स्कूल के पास सीसी सड़क, साइड पटरी और आरसीसी नाली निर्माण के लिए 91 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि वार्ड संख्या 09 नकहा में 26.60 लाख रुपये से और गंगा टोला में 1 करोड़ 63 लाख 25 हजार रुपये से सड़क सुधार होगा। बाबा राघवदास नगर की परशुराम कॉलोनी के विभिन्न गलियों में 66.54 लाख, मदन मोहन मालवीय नगर में 59.98 लाख, खोराबार के जंगल सिकरी में 85.92 लाख, चरगांवा मिलेनियम सिंटी में 86.44 लाख, बड़गो में 72.47 लाख, शिवपुर में 0124. 24 लाख, मोहनपुर में 154.04 लाख, मानसरोवर में 215.96 लाख, गुलरिहा में 138.78 लाख, हरसेवकपुर में 30.25 लाख, भरवलिया में 211 लाख, महाराणा प्रताप नगर में 313.17 लाख, रघुपति सहाय फिराक नगर में 158 लाख, विकासनगर में 229.77 लाख, सरदारभगत सिंह नगर में 108.08 लाख, महर्षि दधिचि नगर में 77.68 लाख, सिविल लाइन प्रथम में 46 लाख और राप्तीनगर में 51.75 लाख रुपये से सड़क सुधार के काम होंगे।
नगर निगम का दावा है कि सड़कों के निर्माण और एंड-टू-एंड पेविंग से न सिर्फ आवागमन बेहतर होगा, बल्कि सड़क से उड़ने वाली धूल में भी कमी आएगी, जिससे महानगर की वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।