महराजगंज। शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का असर अब यातायात व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर लोग अपने वाहन सड़क किनारे या दुकानों के सामने खड़े कर रहे हैं। इससे सड़कें संकरी हो रही हैं और आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
शहर के पीजी कॉलेज मार्ग, हनुमानगढ़ी चौराहा, बैंक रोड, मऊपाकड़ चौराहा समेत अन्य प्रमुख बाजारों में दुकानों के सामने सड़क किनारे वाहनों की कतार लगी रहती है। शहर में पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण लोग खरीदारी करने के दौरान अपने बाइक और अन्य वाहनों को दुकानों के सामने ही खड़ा कर देते हैं।
सड़क के दोनों किनारों पर वाहन खड़े होने से आवागमन के लिए जगह कम पड़ जाती है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि पैदल चलने वालों को भी सड़क पर उतरकर रास्ता तय करना पड़ता है। व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने पर जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
हनुमानगढ़ी चौराहे के रहने वाले आशुतोष, नवीन और अलोक ने बताया कि व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है। वहीं मऊपाकड़ चौराहे पर भी दुकानों के सामने बड़ी संख्या में वाहन बेतरतीब खड़े नजर आते हैं।
नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर भी सड़क किनारे वाहन खड़े होने से लोगों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों की मांग है कि शहर में जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान चिह्नित कर व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि बाजारों में जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से राहत मिल सके।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।