Maharajganj News : डॉक्टर गायब, फार्मासिस्ट कर रहा था इलाज! गलत इंजेक्शन और पैसे मांगने के आरोप से CHC में हंगामा

    22-Aug-2026   
Total Views |

परतावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल की इमरजेंसी में गुरुवार रात मरीजों को इलाज के दौरान कथित तौर पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि डॉक्टर की गैरमौजूदगी में एक प्रशिक्षु फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज कर रहा था। इस दौरान एक मरीज को गलत इंजेक्शन लगाने की कोशिश और दूसरे से इलाज के नाम पर रुपये मांगने के आरोप सामने आए।

परतावल के आजाद नगर वार्ड निवासी उमाशंकर (70) हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत लेकर रात में सीएचसी पहुंचे थे। उनके परिजनों के मुताबिक उस समय इमरजेंसी में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और वहां मौजूद प्रशिक्षु फार्मासिस्ट ने मरीज का इलाज शुरू कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि फार्मासिस्ट उमाशंकर को गलत इंजेक्शन लगाने जा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे स्टाफ नर्स चंद्रभूषण ने उसे रोक दिया।

आरोप है कि इसके बाद ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने के लिए दी जाने वाली कैप्सूल को फार्मासिस्ट ने जमीन से उठाकर मरीज को खिला दिया। परिजन ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर फार्मासिस्ट उनसे विवाद करने लगा और हाथापाई पर उतारू हो गया।


इसी दौरान बनकटिया निवासी अंकित भी इलाज कराने के लिए इमरजेंसी पहुंचा। आरोप है कि फार्मासिस्ट ने उससे इलाज के नाम पर रुपये मांगे। अंकित द्वारा विरोध किए जाने पर कथित तौर पर फार्मासिस्ट ने कहा कि रात में जागकर इलाज कर रहे हैं तो मुफ्त में थोड़ी करेंगे।

इसको लेकर इमरजेंसी वार्ड में हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में डॉक्टर के पहुंचने पर तीमारदारों ने पूरे मामले की शिकायत उनसे की।

मामले को लेकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षु फार्मासिस्ट के खिलाफ शिकायत मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार उचित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।