महराजगंज। सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान और वाहन जांच के बावजूद जिले की सड़कों पर पुराने और अनफिट वाहन बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब 3 हजार वाहन ऐसे हैं, जो 15 वर्ष से अधिक पुराने हो चुके हैं। इन वाहनों का सड़क पर संचालन राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
पुराने वाहनों की स्थिति को लेकर परिवहन विभाग भी सक्रिय है। बीते दिनों एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने खुद एक मियाद पूरी कर चुके वाहन को पकड़कर थाने भिजवाया था। विभाग की ओर से वाहन स्वामियों को पुराने और अनफिट वाहनों का संचालन बंद करने की चेतावनी भी दी जा रही है।
यदि किसी ऐसे वाहन से दुर्घटना होती है जिसका पंजीकरण या फिटनेस वैध नहीं है, तो बीमा दावों के निस्तारण में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में दुर्घटना के पीड़ितों और वाहन स्वामियों दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे मामलों में बीमा दावे के निस्तारण के दौरान वाहन की वैधता और नियमों के पालन को लेकर आपत्ति उठ सकती है।
एआरटीओ मनोज कुमार सिंह के अनुसार, पुरानी और अनफिट गाड़ियों के संबंध में वाहन स्वामियों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और जिन वाहनों की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनका संचालन बंद कराया जा रहा है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में करीब 4.65 लाख दोपहिया वाहन, 12 हजार कारें, 5 हजार टेंपो, 27,200 ट्रैक्टर और 1,020 स्कूल वाहन पंजीकृत हैं।
इनके बीच करीब 3 हजार वाहन 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं। सड़क पर वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच इतने पुराने वाहनों का मौजूद होना सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।
अब सवाल यह है कि जांच और जागरूकता अभियान के बावजूद सड़क पर दौड़ रहे इन पुराने वाहनों पर पूरी तरह रोक कब लगेगी और सड़क सुरक्षा के लिए परिवहन विभाग की कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।