Maharajganj News : आंगनबाड़ी में नौकरी पाने का मौका न चूकें, महराजगंज में 305 पदों के लिए आवेदन शुरू

    24-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बाल विकास परियोजनाओं में कुल 305 पद रिक्त हैं। इनमें 164 पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 141 पद आंगनबाड़ी सहायिका के हैं।

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को UP आंगनवाड़ी भर्ती पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। भर्ती में केवल महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या उसके समकक्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम योग्यता परास्नातक तक मान्य है। चयन मेरिट एवं शैक्षिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका दोनों पदों के लिए चयन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी।


इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन ऑफलाइन, डाक या किसी अन्य माध्यम से स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आवेदन के लिए आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, फोटो और हस्ताक्षर सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध भर्ती संबंधी दिशा-निर्देश और पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि एक ही आंगनबाड़ी केंद्र पर एक परिवार की दो महिलाओं की नियुक्ति नहीं की जाएगी। साथ ही रिक्त पदों की संख्या घट-बढ़ सकती है।

रिक्त पद
महराजगंज जिले में कुल 141 रिक्त पदों पर आवेदन किया जा सकता है। इनमें परतावल में 15, फरेंदा में 8, बृजमनगंज में 10, मिठौरा में 5, सदर में 8, घुघली में 14, धानी में 1, निचलौल में 15, सिसवा में 5, लक्ष्मीपुर में 12, नौतनवां में 12, शहर में 19 और पनियरा में 17 पद शामिल हैं।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।