महराजगंज। मौसम में बदलाव के बीच जिले में संक्रमण और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। रविवार को जिला अस्पताल स्थित संक्रामक रोग वार्ड में निर्धारित क्षमता से अधिक मरीज भर्ती मिले। वार्ड में कुल 31 बेड उपलब्ध हैं, जबकि यहां 41 मरीजों का इलाज चल रहा था। यानी क्षमता से 10 मरीज अधिक होने के कारण वार्ड पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
रविवार को भर्ती मरीजों में सबसे अधिक संख्या बुखार से पीड़ित मरीजों की रही। वार्ड में बुखार के 25 मरीज भर्ती थे। इसके अलावा डायरिया से पीड़ित 10, निमोनिया के चार और अन्य बीमारियों से ग्रसित दो मरीजों का उपचार किया जा रहा था। निर्धारित 31 बेड के मुकाबले 10 मरीज अधिक होने के कारण वार्ड में व्यवस्थाओं पर भी दबाव नजर आया।
सीएमएस डॉ. एके दिवेदी का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान खानपान और साफ-सफाई में लापरवाही से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को स्वच्छ पानी पीने, ताजा भोजन करने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है। उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप सभी मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला अस्पताल के संक्रामक रोग वार्ड में एसी खराब होने से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को वार्ड में लगा एसी बंद रहा। गर्मी के बीच मरीजों के साथ स्टाफ भी परेशान नजर आया। कुछ कर्मचारियों ने एसी को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल राहत नहीं मिल सकी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।