Maharajganj News : चाय से मिठाई तक महंगाई की मार, चीनी ने मचाई खलबली; ₹48 से ₹70 किलो पहुंचा भाव

    24-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम जनता के साथ-साथ चाय और मिठाई बेचने वालों की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जुलाई के महीने में जो चीनी 48 रुपये किलो मिल रही थी, वह अगस्त में दो बार महंगी होने के बाद अब 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। सिर्फ एक महीने के अंदर चीनी के दाम में 22 रुपये की यह बढ़ोत्तरी चाय और मिठाइयों के रेट पर सीधा असर डाल रही है।

चीनी के दाम बढ़ने की वजह से अब दुकानों पर 10 रुपये वाली चाय 15 रुपये में मिल रही है। इसके साथ ही पेड़ा जैसी कई मिठाइयों के दाम भी बढ़ गए हैं। रक्षाबंधन का त्योहार पास आ रहा है, जिसे देखते हुए मिठाई कारोबारियों को डर है कि उनकी बिक्री कम हो सकती है।

अगस्त में दो बार बढ़े दाम

जुलाई में चीनी का भाव 48 रुपये प्रति किलो था। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले चीनी के दाम में पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई और चीनी 53 रुपये किलो हो गई। अब रक्षाबंधन से ठीक पहले चीनी की कीमत में एक बार फिर 17 रुपये प्रति किलो का बड़ा उछाल आया है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में चीनी की कमी की वजह से चीनी के दाम इतने तेजी से बढ़ रहे हैं।


चाय की प्याली 10 से सीधे 15 रुपये

मुख्यालय की ऑफिसर्स कॉलोनी के सामने चाय और मिठाई की दुकान चलाने वाले संवारे ने बताया कि जब चीनी पहली बार महंगी हुई थी, तब उन्हें चाय का दाम 10 से बढ़ाकर 12 रुपये करना पड़ा था। लेकिन अब चीनी के दाम में दोबारा 17 रुपये की बढ़ोतरी होने के कारण उन्हें चाय की कीमत 15 रुपये प्रति कप करनी पड़ी है।

सदर ब्लॉक के पास दुकान चलाने वाले सत्तन वर्मा ने बताया कि चीनी महंगी होने का सीधा असर मिठाइयों पर भी दिख रहा है। जो पेड़ा पहले 10 रुपये में मिलता था, अब वह 15 रुपये प्रति पीस बेचना पड़ रहा है।

रक्षाबंधन पर मिठास होगी महंगी

रक्षाबंधन के समय मिठाइयों की मांग बहुत ज्यादा होती है, लेकिन इस बार चीनी की बढ़ती कीमतों ने कारोबारियों का खर्चा बढ़ा दिया है। मिठौरा में रामकटोरी बेचने वाले सुदेश ने बताया कि पिछले साल रक्षाबंधन के दौरान उन्होंने करीब पांच क्विंटल रामकटोरी बेची थी, लेकिन इस बार अब तक सिर्फ करीब डेढ़ क्विंटल ही बिक्री हो पाई है। सुदेश का मानना है कि अगर कीमतें और बढ़ीं, तो बिक्री और भी कम हो सकती है।

अब देखना यह होगा कि चीनी के दाम इस तरह बढ़ते रहते हैं या रक्षाबंधन के बाद बाजार में लोगों को थोड़ी राहत मिलती है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।