Maharajganj News : घर का सामान लेने निकला था किशोर, रास्ते में घेरकर उसपर टूट पड़े दबंग! फिर...

    24-Aug-2026   
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नंदना में रविवार देर शाम एक किशोर पर कथित तौर पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। सामान लेने जा रहे किशोर को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। मारपीट में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर का उपचार सीएचसी भटहट में कराया जा रहा है।

पुलिस को दी गई तहरीर में नंदना निवासी दीनानाथ मद्धेशिया ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे उनका बेटा राज गांव के चौराहे पर जरूरी सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने तीन-चार साथियों के साथ उसे घेर लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर राज की लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से किशोर बचने के लिए शोर मचाने लगा।


शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हमलावरों से किशोर को बचाया। मारपीट में राज को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी भटहट ले गए। पीड़ित के पिता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। यह भी आरोप है कि आरोपियों की ओर से पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी दी गई है।

उप निरीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि शनिवार को स्कूल में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया उसी विवाद को लेकर मारपीट होने की बात सामने आ रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।