Maharajganj News : तीन घंटे तक खंगाले दस्तावेज, रियाज नहीं मिला… 10 किलो सोने के मामले में ठूठीबारी तक पहुंची जांच

    25-Aug-2026   
Total Views |

ठूठीबारी। कन्नौज में 10 किलो सोने की ईंट बरामद होने के मामले में सीमा शुल्क विभाग की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को नौतनवां कस्टम की टीम ने ठूठीबारी में मामले से जुड़े संदिग्ध ठिकानों पर घंटों जांच-पड़ताल की। टीम ने कथित मुख्य सरगना बताए जा रहे संदीप के घर तथा ठूठीबारी बाईपास स्थित रियाज पुत्र सैफुल्लाह के घर और दुकान पर एक साथ छापेमारी की। टीम ने अपराह्न दो से पांच बजे तक जांच की।

जानकारी के अनुसार, कस्टम विभाग ने संदीप और ठूठीबारी बाईपास स्थित रियाज पुत्र सैफुल्लाह के घर और दुकानों पर एक साथ छापा मारा। मौके पर रियाज नहीं मिला। इसके बाद कस्टम विभाग की टीम उसकी लोकेशन ट्रैक कर तलाश में जुट गई है।


बताया जा रहा है कि कन्नौज में बरामद 10 किलो सोने की ईंट के बाद सीमा शुल्क विभाग इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगा है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद सोने की खेप का कनेक्शन किन लोगों और ठिकानों से जुड़ा है। इसी क्रम में टीम संदिग्धों के घर और दुकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

सोमवार को करीब तीन घंटे तक चली कस्टम विभाग की कार्रवाई से ठूठीबारी क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। टीम ने संबंधित स्थानों पर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। हालांकि कार्रवाई के दौरान क्या-क्या अहम जानकारी या साक्ष्य हाथ लगे, इसका आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं किया गया है।

घंटों तक चली जांच-पड़ताल के बाद कस्टम टीम वापस लौट गई। इस दौरान इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, श्रवण जायसवाल, बीएसके पाल, केश्वर तिवारी, सुप्रीटेंडेंट सुभाष यादव, सुप्रीडेंड संजीव कुमार सहित नौतनवां कस्टम टीम के सदस्य मौजूद रहे।

इस संबंध में कस्टम इंस्पेक्टर श्रवण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।