महराजगंज। नौतनवां थाना क्षेत्र के उत्तरी चौक रेंज स्थित हनुमानगढ़िया में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों में तेंदुआ देखे जाने की सूचना फैली। ग्रामीणों ने तेंदुए की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए बागीचे में उसके दिखाई देने का दावा किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई।
उत्तरी चौक के वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह वन टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुआ निकलने की बात उन्होंने सुनी है, हालांकि किसी ग्रामीण ने प्रत्यक्ष रूप से तेंदुए को देखने की पुष्टि नहीं की।
वन विभाग की जांच में फिलहाल क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर की भी वन विभाग ने पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वन क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वन विभाग पूरे मामले पर नजर रख रहा है और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर टीम तत्काल कार्रवाई करेगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।