Maharajganj News : अमृत सरोवर हादसे में 24 घंटे के अंदर प्रशासन ने लिया सख्त एक्शन ! ठेकेदार गिरफ्तार

    03-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। मीराबाई नगर स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में तीन बच्चों की डूबकर हुई मौत के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस ने आरोपी ठेकेदार दीपक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

रविवार को हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल का डीएम गौरव सिंह सोगरवाल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने पर उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए थे। ईओ की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा गया है कि निर्माणाधीन अमृत सरोवर पर सुरक्षा मानकों का गंभीर रूप से उल्लंघन किया गया।


कार्यस्थल के चरों तरफ न पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई गई थी और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। इसी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन मासूमों की जान चली गई।

कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि अधिशासी अधिकारी की तहरीर के आधार पर तत्कालीन ठेकेदार दीपक सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रविवार दोपहर मीराबाई नगर के निर्माणाधीन अमृत सरोवर में नहाने गए तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए थे। स्थानीय लोगों, गोताखोरों और पुलिस की मदद से उन्हें बाहर निकालकर सीएचसी सिसवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी तेज हो गई।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।