सोनौली। भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते एक सप्ताह से कस्टम एजेंटों की हड़ताल, आयात-निर्यात कार्य का बढ़ता भार और शनिवार को नेपाल कस्टम में अवकाश रहने के कारण ट्रकों की सात से आठ किलोमीटर लंबी कतार लग गई। इससे वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
नेपाल कस्टम परिसर में पार्किंग की सीमित क्षमता के कारण ट्रकों को प्रवेश मिलने में देरी हो रही है। रविवार को भन्सार परिसर पूरी तरह भर जाने के कारण शाम छह बजे तक केवल 72 मालवाहक वाहनों को ही नेपाल में प्रवेश मिल सका।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सोनौली पुलिस लगातार सीमा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभाल रही है। कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण लंबी कतार लग रही है। पुलिस सभी ट्रकों को निर्धारित क्रम में खड़ा कराकर यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइन तोड़ने, अवैध कटिंग कराने या दलाली कराने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहनों का चालान किया गया। इस कार्रवाई में कुल 2 लाख 15 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, निर्धारित लाइन में ही वाहन खड़ा करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।