महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में रविवार दोपहर अमरूद तोड़ने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। आरोप है कि तीन वर्षीय बच्चे को अमरूद तोड़ने से मना करने पर उसकी मां ने गुस्से में 70 वर्षीय मुखलाल शर्मा पर चारपाई के पाए से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, धरमौली गांव निवासी मुखलाल शर्मा (70) रविवार दोपहर अपने सड़क किनारे स्थित मकान पर अकेले मौजूद थे। उनकी बहू और अन्य परिजन गांव के अंदर स्थित दूसरे घर पर थे। रविवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे पड़ोस में रहने वाला तीन साल का बच्चा उनके दरवाजे पर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ने लगा। मुखलाल शर्मा ने बच्चे को ऐसा करने से मना करते हुए डांट दिया।
आरोप है कि मुखलाल का बच्चे को डांटना बच्चे की मां गोल्डी को नागवार गुजरी और वह मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग से कहासुनी करने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान महिला ने पास में रखा चारपाई का पाया उठाकर मुखलाल शर्मा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही उनकी बहू और पौत्र मौके पर पहुंचे। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं इस बाबत एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।