Maharajganj News : महराजगंज में पहली तेज बरसात ने खोली दावों की हकीकत, शहर की सड़कें बनीं जलाशय

    03-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुई तेज बारिश ने नगर पालिका परिषद की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। कुछ ही देर की बारिश में शहर के कई वार्डों की सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया और गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ा।

तेज बारिश के बाद शास्त्री नगर, बिस्मिल नगर, सिविल लाइंस, आजाद नगर, गांधी नगर सहित नगर के कई वार्डों की सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर गंदा पानी सड़कों पर फैल जाने से लोगों को उसी से होकर आवागमन करना पड़ा।


शास्त्री नगर निवासी अनिमेष ने बताया कि क्षेत्र में ड्रेनेज सही न होने के कारण थोड़ी सी भी बारिश में भी सड़कें समंदर जैसी हो जाती हैं। गांधी नगर निवासी अमित ने बताया कि अधिकांश नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता है। इससे सड़क पर जलभराव हो जाता है।

सिविल लाइन वार्ड के निवासी रोहित ने भी बताया कि नालियों की उचित व्यवस्था और नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों पर जमा रहता है जिससे आना जाना मुश्किल होता है।

वहीं इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जलभराव की सूचना मिलते ही सफाई कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिया गया है। नालियों की सफाई कराकर पानी की निकासी कराई जा रही है तथा जहां भी समस्या है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।