महराजगंज। जिले में माध्यमिक विद्यालयों की वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 6 अगस्त से जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के साथ होगा। अगस्त माह में कुल छह जिला स्तरीय खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ी मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वार्षिक खेल कैलेंडर जारी होने के बाद विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं। अब जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए प्रतिभागी विद्यालयों का चयन कर लिया गया है। इस वर्ष प्रतियोगिताएं 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में आयोजित होंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के जनपदीय क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बालक व बालिका वर्ग की तीन- तीन श्रेणियों में प्रतिभाग करने का अवसर इस बार बोर्ड ने तय किया है। छह अगस्त को तीरंदाजी की जनपद स्तरीय स्पर्धा जनता इंटर कॉलेज पुरंदरपुर में होगा। इसी दिन जूडो व ताइक्वांडो स्पर्धा रूपनारायण सर्वहितकारी इंटर कालेज बसंतपुर में होगी। 11 अगस्त को हैंडबॉल एलबीएस इंटर कालेज मथुरा नगर में और 12 अगस्त को बैडमिंटन सेठ आनंद राम जयपुरिया इंटर कालेज आनंद नगर, 13 अगस्त को फुटबॉल महात्मा गांधी इंटर कालेज सिसवां, 20 अगस्त को कुश्ती संत लाल इंटर कालेज देवीपुर में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय स्पर्धा में ब्लॉक स्तर के विजेता प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में ब्लॉक स्तर पर विजेता रहे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना तथा उन्हें मंडल और प्रदेश स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।