महराजगंज। थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में रविवार सुबह पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस और प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गया।
जानकारी के अनुसार, सुकरौली निवासी बैजनाथ रविवार सुबह रोज की तरह घर से निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश करने लगे। इसी बीच बैजनाथ ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वह सोनौली स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़े हुए हैं। यह सूचना मिलते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
परिजनों के मुताबिक, बैजनाथ का अपने पट्टीदारों से पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें उनका हिस्सा नहीं मिलेगा, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेंगे।
सूचना मिलने पर सोनौली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस लगातार युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक बैजनाथ टावर पर ही मौजूद थे और पुलिस की कोशिशें जारी थीं।
महबूब आलम (Mahboob Alam) 'आपन महराजगंज' में अपराध संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन और अपराध से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता से कवर करते हैं।शिवानी श्रीवास्तव