महाराजगंज। नेपाल में आई बाढ़ के बाद नारायणी (गंडक) नदी में बहकर भारतीय सीमा में पहुंचे चार अज्ञात शवों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार देर रात नेपाल प्रशासन को सौंप दिया गया। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। काफी प्रयास के बावजूद शवों की पहचान नहीं हो सकी। प्रशासन ने निर्धारित अवधि तक इंतजार करने के बाद पोस्टमार्टम कराया और डीएनए सैंपल सुरक्षित रखे हैं।
टेलफाल के पास नदी में दिखाई दिए थे शव जानकारी के मुताबिक, निचलौल क्षेत्र में टेलफाल के समीप स्थानीय लोगों की नजर नारायणी नदी में बह रहे शवों पर पड़ी। सूचना मिलते ही प्रशासन के साथ सुरक्षा और राहत-बचाव एजेंसियां मौके पर सक्रिय हो गईं। एसएसबी और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर नदी से चारों शवों को बाहर निकाला।
शवों को कब्जे में लेने के बाद उनकी पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। प्रशासन ने निर्धारित 72 घंटे तक शवों की पहचान होने और परिजनों की ओर से दावा किए जाने का इंतजार किया। इस दौरान कोई भी व्यक्ति शवों पर दावा करने के लिए सामने नहीं आया।
इसके बाद नियमानुसार चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतकों के डीएनए सैंपल भी सुरक्षित रखे गए हैं। भविष्य में यदि किसी शव की पहचान को लेकर दावा सामने आता है तो इन सैंपल के जरिए वैज्ञानिक तरीके से इसकी पुष्टि की जा सकेगी।
ठूठीबारी बॉर्डर से नेपाल भेजे गए शव अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सभी जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद चारों शवों को रविवार देर रात ठूठीबारी बॉर्डर के रास्ते नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
शवों को ले जा रही एंबुलेंस को भारतीय सुरक्षा बलों ने एस्कॉर्ट किया। इसके बाद महेशपुर सशस्त्र प्रहरी पुलिस, नवलपरासी की टीम शवों को लेकर नेपाल की ओर रवाना हो गई।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद सीमावर्ती नदियों में शवों और मवेशियों के बहकर भारतीय क्षेत्र में पहुंचने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी हुई है। दोनों देशों की एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव और जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।