Maharajganj News: घर में बिजली ठीक करते समय करंट की चपेट में आए व्यक्ति की मौत, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

    31-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग गांव के बढ़उवा टोला में सोमवार को घर की बिजली ठीक करते समय एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। हादसे में करीब 40 वर्षीय अमन चौधरी की मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अमन चौधरी पुत्र रामप्रीत, निवासी बढ़उवा टोला, सिसवा बुजुर्ग, थाना कोठीभार के रूप में हुई है। बताया गया कि अमन चौधरी अपने घर में बिजली ठीक करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई।
सूचना मिलने पर पहुंची कोठीभार पुलिस
पुलिस को घटना की जानकारी सोमवार सुबह करीब 8 बजे मेमो के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के साथ शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर शांति व्यवस्था सामान्य है।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।