Maharajganj News : प्रेमी की बहन के एक फोन के बाद उठाया खौफनाक कदम, युवती ने छत से लगाई छलांग

    04-Aug-2026   
Total Views |

भिटौली
। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती द्वारा घर की छत से छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के सात दिन बाद युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर प्रेमी की बहन द्वारा शादी न करने का दबाव बनाया गया, जिससे मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि उसकी 20 वर्षीय बेटी चौक थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक से बीते दो साल से मोबाइल पर बात कर रही थी। आरोप है कि 19 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे परिवार की गैर मौजूदगी में युवक उनकी बेटी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया, जिसे युवती के दादा ने भी जाते हुए देखा था।


कई दिनों तक खोजबीन करने के बाद भी युवती नहीं मिली। बाद में 22 जुलाई को युवक अपनी मां के साथ युवती को उसके घर छोड़ गया और परिवार के सामने उससे शादी करने का आश्वासन दिया। आरोप है कि 26 जुलाई की शाम युवक ने मोबाइल कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से अपनी बहन से उनकी बेटी से बातचीत कराई।

इसी दौरान युवक की बहन ने उनकी बेटी पर युवक से शादी न करने का दबाव बनाया। इस मानसिक दबाव से आहत होकर उनकी बेटी ने 26 जुलाई को घर की छत से छलांग लगा दी इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक यदुवीर यादव ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।