Maharajganj News : 'आयुष आपके द्वार' अभियान को मिलेगी रफ्तार, डीएम ने तय किया रोडमैप

    04-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग की समीक्षा बैठक कर दोनों विभागों की कार्यप्रणाली का बिंदुवार मूल्यांकन किया। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, योग को जन-जन तक पहुंचाने और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग के अधिकारियों से अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। दोनों विभागों के अधिकारियों ने अवगत कराया कि अस्पतालों में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

उन्होंने निर्देशित किया कि 'आयुष आपके द्वार' अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक पार्कों, खेल मैदानों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर नियमित योग शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।


जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति भारतीय चिकित्सा परंपरा की महत्वपूर्ण पहचान है। उन्होंने आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा इन्हें अधिक से अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आयुष चिकित्सकों को अपने एमओआईसी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित कर आमजन को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियों के संबंध में जागरूक किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार, जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।