Maharajganj News : सिसवा में दर्दनाक सड़क हादसा, टक्कर के बाद दोनों उछलकर सड़क पर गिरे

    04-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार।
कोठीभार थाना क्षेत्र के साण्डा खुर्द के समीप सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे भैंस चरा रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार 03 अगस्त 2026 को शाम करीब 6 बजे दुर्गवलिया निवासी बाबूलाल गुप्ता (40 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल से गेरमा से साण्डा खुर्द की ओर जा रहे थे। इसी दौरान साण्डा खुर्द के पास सड़क किनारे भैंस चरा रहे अर्जुन यादव (60 वर्ष) निवासी गेरमा उनकी बाइक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।


हादसे की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने अर्जुन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाबूलाल गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटना में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।