महराजगंज। फरेंदा थाना पुलिस ने गोपलापुर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन चोरी करने वाले महिला गिरोह का खुलासा करते हुए छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान भी बरामद किया है। घटना के शीघ्र खुलासे से पुलिस की कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गोपलापुर मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने गले से सोने की चेन चोरी होने की शिकायत फरेंदा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जुटाए गए साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में घटना का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने दोनों अभियोगों में नामित कुल छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार सभी अभियुक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फरेंदा पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गोपलापुर मंदिर में चेन चोरी की घटनाओं के त्वरित खुलासे से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई से ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।