महराजगंज। घुघली नगर पंचायत के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित पानी की टंकी की पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही घर-घर शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी पाइपलाइनें जर्जर हो चुकी थीं और आए दिन फटने से पेयजल की भारी बर्बादी होती थी। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब वर्तमान में नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। संबंधित विभाग ने इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि नई जलापूर्ति प्रणाली जल्द शुरू की जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे इस कार्य के शुरू होने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब जब काम शुरू हो गया है, तो उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्वच्छ पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। उनका मानना है कि नई पाइपलाइन से न केवल शुद्ध पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी, बल्कि बार-बार होने वाली लीकेज और पानी की बर्बादी की समस्या भी समाप्त होगी।
लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और इसे समय पर पूरा करने की मांग की है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।