Maharajganj News : बिजली नहीं, तो कारोबार नहीं, व्यापारियों ने डीएम के सामने रखी अपनी पीड़ा

    04-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज।
लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति से नाराज जिले के उद्यमियों और व्यापारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपकर नगर की बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई। संयुक्त व्यापारी मोर्चा के बैनर तले पूर्व जिलाध्यक्ष पशुपतिनाथ गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि महराजगंज नगर के अधिकांश उद्योग और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिजली पर आधारित हैं, लेकिन आए दिन होने वाली अघोषित कटौती और फाल्ट के नाम पर घंटों बिजली बंद रहने से कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उत्पादन प्रभावित होने के साथ उद्यमियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है और श्रमिकों की लागत भी लगातार बढ़ रही है।

व्यापारियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में लगातार आ रही बाधाओं का सीधा असर बाजार और उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। उत्पादन लागत बढ़ने से वस्तुओं की कीमतें प्रभावित हो रही हैं, जबकि विकास संबंधी गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्युत विभाग से कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है। विभाग का कहना है कि सभी उपकरण पुराने और जर्जर हो चुके हैं, जिससे लोड पड़ने पर फाल्ट हो जाता है। कभी-कभी आपूर्ति जल्दी बहाल हो जाती है, तो कभी घंटों लग जाते हैं।


संयुक्त व्यापारी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नगर की पूरी विद्युत वितरण प्रणाली का तकनीकी मूल्यांकन कर जर्जर तारों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से बदला जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके।

इस संबंध में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर उसका समाधान जल्दी कराया जाएगा। इस अवसर पर कन्हैया लाल वर्मा, सरवन वर्मा, विजय अग्रहरी, राधा रमन गुप्त, श्याम वर्मा, संजय, दिनेश प्रसाद साहनी, दिवाकर गुप्ता, बागेश्वर सिंह, विनोद कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।