महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और 22वीं वाहिनी एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी के लिए ले जाई जा रही 10 बोरी यूरिया खाद और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने उस्मान पुत्र निजामुद्दीन और पिंटू गुप्ता पुत्र जगदीश कुमार गुप्ता, दोनों निवासी राजाबारी, को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली।जाँच के दौरान उनके कब्जे से 10 बोरी यूरिया खाद तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पुलिस ने बरामद सामान और दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 111 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।