Maharajganj News : रास्ता बंद, मरीज परेशान! एनएचआई-पीएनसी के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण

    05-Aug-2026   
Total Views |

फरेंदा। राष्ट्रीय राजमार्ग नौतनवा–सोनौली–गोरखपुर मार्ग पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी तक जाने वाला रास्ता बंद किए जाने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर एनएचआई और कार्यदायी संस्था पीएनसी के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा अस्पताल तक आवागमन तत्काल बहाल करने की मांग उठाई।

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंद लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सकेगा, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कार्यदायी संस्था और प्रशासन की होगी।


प्रदर्शन के दौरान समाजसेवी करमचंद यादव, पूर्व प्रधान शमशेर उर्फ लंबू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पवन कुमार यादव उर्फ तोलन, प्रधान प्रतिनिधि राकेश यादव, प्रधान प्रतिनिधि महेंद्र भारती, क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मार्ग को तत्काल खोलने की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए एनएचआई और पीएनसी को तत्काल मार्ग बहाल कराने के निर्देश देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।