Maharajganj Politics : घुघली में भाजपा की रणनीति बैठक, 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा लक्ष्य

    06-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। विधानसभा पनियरा के घुघली दक्षिणी मंडल में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक का आयोजन ग्राम बरवां चमईनिया स्थित सामुदायिक भवन एवं डिजिटल पुस्तकालय सभागार में किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के निर्देशन में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा की जिला उपाध्यक्ष डॉ. फ़रीदा इरम ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना ही सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य होना चाहिए।


बैठक में अभियान की सफलता के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की गई। तय किया गया कि प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और सरकारी कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा 10 से 14 अगस्त तक भव्य तिरंगा यात्रा निकालने, युवा मोर्चा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, पूर्व सैनिकों, महिला एवं युवा संगठनों को अभियान से जोड़ने की रणनीति बनाई गई।

इस बैठक में मंडल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भोला मल्ल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंगद गुप्ता, मंडल महामंत्री प्रशांत राय सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।