महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में चंदन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब सीमावर्ती गांवों में साफ दिखाई देने लगा है। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे नदी का पानी लक्ष्मीपुर खुर्द समेत कई गांवों के खेतों में फैल गया, जिससे बाढ़ की आशंका गहरा गई है।
खेतों में पानी भरने से धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं। अचानक बढ़े जलस्तर से किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नेपाल में बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो चंदन नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो सकती है।
संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने मरचहवा तटबंध की मरम्मत और उसे मजबूत करने का कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों की टीम लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने, अनावश्यक जोखिम से बचने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है। बढ़ते जलस्तर को लेकर सीमावर्ती गांवों के लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।